बेगूसराय में सोमवार को सनसनी फैलाने वाली घटना सामने आई है। मटिहानी थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड नंबर-18 स्थित सिहमा गांव के पास एक अज्ञात महिला की लाश बोरे से बरामद हुई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट के बाद हत्या की आशंका गहराती जा रही है। इतना ही नहीं, मृतका के शरीर को तीन जगह रस्सी से बांधा गया था, जिससे साफ लगता है कि अपराधियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर फेंका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस आसपास के गांवों में इसकी जानकारी साझा कर रही है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की तफ्तीश तेज कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
















