पटना:
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के लिए आज शाम प्रचार का शोर थम जाएगा। पहले चरण में कुल 121 विधानसभा सीटों पर 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 423 उम्मीदवार यानी करीब 32% आपराधिक छवि वाले हैं। हर तीसरा प्रत्याशी दागी निकल रहा है।
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, सभी दागी उम्मीदवारों को मंगलवार तक अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि ऐसे उम्मीदवार अपनी आपराधिक जानकारी तीन बार प्रकाशित करें, जिसकी निगरानी स्वयं आयोग करेगा। इसका उद्देश्य मतदाताओं को पारदर्शी और निष्पक्ष जानकारी देना है।
मोकामा हत्याकांड को लेकर आयोग बेहद सख्त है। आचार संहिता उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई हो रही है। सोमवार को मनेर, पालीगंज और सिगोड़ी थाना क्षेत्रों में जांच के दौरान पुलिस ने 8 वाहन, 4 लाउडस्पीकर, 1 डीजे साउंड सिस्टम और 1 जेनरेटर जब्त किया।
मनेर में राजनीतिक दल के प्रचार वाहन पर केस दर्ज हुआ।
पालीगंज में बिना अनुमति रैली करने पर 6 वाहन जब्त किए गए।
सिगोड़ी में बिना अनुमति प्रचार पर एफआईआर हुई।
वहीं, 6 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए बिजली विभाग ने भी पूरी तैयारी कर ली है। पटना जिले के 5677 मतदान केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए PESU की टीम अलर्ट पर रहेगी। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में फीडर की तुरंत पैट्रोलिंग की जाएगी।
पटना जिले के प्रमुख मतदान केंद्र (विधानसभा क्षेत्रवार):
मोकामा (342), बाढ़ (349), बख्तियारपुर (351), दीघा (503), बांकीपुर (422), कुम्हरार (435), पटना साहिब (410), फतुहा (350), दानापुर (411), मनेर (406), फुलवारी (461), मसौढ़ी (443), पालीगंज (370), बिक्रम (424)।
प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


















