राजधानी पटना से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपनी रिहाई के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र की ओर रवाना हुए हैं। इस दौरे को लेकर उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह सुबह-सुबह अपने सरकारी आवास से निकले और मोकामा के लिए प्रस्थान किया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल वह सीधे अपने क्षेत्र नहीं जा रहे हैं, बल्कि पहले बड़हिया पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने बड़ा बयान देते हुए एक बार फिर चुनाव नहीं लड़ने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। वहीं जब उनके बेटे के चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पहले वह जनता के बीच जाकर काम करें, लोगों से जुड़ें, उसके बाद ही चुनाव लड़ने पर विचार किया जाएगा।
अनंत सिंह ने यह भी कहा कि अभी उनके क्षेत्र में किसान फसल की कटाई में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा, “अभी जन के कटनी लागल है, सब किसान खेत में हैं, लेबर भी खेत में हैं। हम 15 दिन के बाद क्षेत्र में जाएंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे।”
बताया जा रहा है कि मोकामा में उनका भव्य रोड शो प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। उनकी रिहाई के बाद यह पहला सार्वजनिक दौरा है, इसलिए समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि दुलारचंद हत्याकांड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 20 मार्च को उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ था। हालांकि अदालत बंद रहने के कारण वह सोमवार को जेल से बाहर आए।
अब उनके इस दौरे को बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। आने वाले दिनों में मोकामा की राजनीति में इसका क्या असर पड़ेगा, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।















