बेगूसराय जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़चक वार्ड नंबर 27 की बताई जा रही है। बताया जाता है कि रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 की शाम किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया और फिर दोनों ओर से जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे कई लोग बुरी तरह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के संबंध में पीड़ित सनी पासवान ने बताया कि रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी दौरान मामूली कहासुनी अचानक बड़े झगड़े में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल बेगूसराय में चल रहा है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट

















