बेगूसराय के नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के वनद्वार में एक शादी समारोह के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बारात के दौरान कुछ युवक खुलेआम हथियार और शराब की बोतल लेकर भोजपुरी गानों पर डांस कर रहे हैं।
घटना 13 मार्च की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में काले रंग की शर्ट पहने एक युवक हाथ में कट्टा लेकर बारातियों के बीच झूम रहा है। कैमरे के सामने हथियार लहराते हुए वह बिल्कुल बेखौफ नजर आ रहा है। वहीं, दूसरी ओर एक युवक हाथ में कथित तौर पर शराब की बोतल लेकर गानों की धुन पर ठुमके लगा रहा है।
इस तरह का सार्वजनिक नशा और हथियार प्रदर्शन शराबबंदी वाले बिहार में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है। वीडियो में बैकग्राउंड में बज रहे गाने के बोल भी चर्चा का विषय बने हुए हैं, जैसे:
- “अरे ना ए दादा नाचे जाइब बाराती में, गोली चलेला भूमिहार के बाराती में”
- “हई भूमिहार जिला”
विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गानों के माध्यम से जातिगत वर्चस्व दिखाने की कोशिश की जा रही है, जो सामाजिक सौहार्द के लिए भी चिंता का विषय है।
स्थानीय लोगों की चर्चा के अनुसार, शादी के दौरान हर्ष फायरिंग भी हुई थी, हालांकि वायरल वीडियो में सीधे गोली चलने की आवाज या दृश्य स्पष्ट नहीं है।
नीमा चांदपुरा थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच और युवकों की पहचान की जा रही है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट














