पटना/बाढ़:
बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के नदावां गांव का है, जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी। यह गांव मोकामा विधायक अनंत सिंह का पैतृक गांव भी बताया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार, नदावां गांव के पास पावर ग्रिड के नजदीक अपराधियों ने बल्लव यादव नामक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि घायल युवक बख्तियारपुर का रहने वाला है और सकसोहरा की ओर से किसी कार्यक्रम से लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक फोर व्हीलर में सवार अपराधियों ने युवक का पीछा किया और नदावां के पास उसे गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी तेज कर दी है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।















