पटना, 18 मार्च 2026: बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले का आदेश जारी किया है। जारी अधिसूचना के तहत कई अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय को पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG), निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना से स्थानांतरित करते हुए अब पुलिस उप-महानिरीक्षक, मद्य निषेध एवं एएनटीएफ, बिहार पटना बनाया गया है।
वहीं, वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को पुलिस अधीक्षक (SP), नवगछिया से हटाकर लखीसराय जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार को पुलिस अधीक्षक, मद्य निषेध एवं राज्य सम्पर्क नियंत्रण ब्यूरो, पटना से स्थानांतरित कर नवगछिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित को लखीसराय के एसपी पद से हटाकर बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में पुलिस अधीक्षक (कार्मिक-1) के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
गृह विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए पदस्थापन पर योगदान दें।
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह तबादला किया गया है। इस फेरबदल से संबंधित जिलों में पुलिस व्यवस्था में नई सक्रियता आने की उम्मीद जताई जा रही है।















