बिहार में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। किशनगंज में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी पटना में ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक राज्य का मौसम ज्यादातर शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
मार्च में ही बढ़ने लगी गर्मी
मार्च महीने में ही गर्मी का असर तेज हो गया है। गुरुवार को दिन में तेज और चुभने वाली धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ा और कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। कुछ जगहों पर पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
वहीं रात होते-होते सीमांचल के जिलों पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में मौसम अचानक बदल गया। आधी रात से शुक्रवार सुबह तक इन इलाकों में आंधी, मेघगर्जन और मध्यम बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया।
अगले पांच दिनों में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पटना समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च से मौसम का असर ज्यादा दिखने लगेगा। कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और अच्छी बारिश होने की संभावना है।
15 मार्च को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल, कटिहार के साथ पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
16 मार्च को पटना समेत कई जिलों में असर
16 मार्च को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर और जमुई समेत पूर्वी बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है। इन इलाकों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
17 मार्च को उत्तर बिहार में ज्यादा असर
17 मार्च को खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर उत्तर बिहार के जिलों में देखने को मिल सकता है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, वैशाली और पूर्णिया समेत उत्तर बिहार के करीब 19 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।

















