बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली गुटखा उधार को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात फायरिंग तक पहुंच गई। घटना पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली पंचायत स्थित मेहता टोला वार्ड-7 की है, जहां इस वारदात के बाद पूरे इलाके में खौफ का माहौल बन गया है।
पीड़ित महिला दुकानदार प्रमिला देवी के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे बाइक सवार तीन किशोर उनकी जनरल स्टोर दुकान पर पहुंचे और “राज निवास” गुटखा उधार मांगा। जब महिला ने उधार देने से इनकार किया और दूसरी दुकान से लेने को कहा, तो युवक भड़क गए और जाते-जाते धमकी दे गए कि “गोली चलाएंगे”।
करीब आधे घंटे बाद तीनों आरोपी वापस लौटे और दुकान के पास एक राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि उस समय महिला दुकान बंद कर घर के अंदर जा चुकी थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद रात करीब 8 बजे आरोपियों ने महिला के घर के सामने सड़क पर दोबारा फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इतना ही नहीं, रात करीब 10:30 बजे दो युवक फिर बाइक से वहां से गुजरते दिखे, जिन्हें ग्रामीणों ने पहचान लिया। पकड़ने की कोशिश के बावजूद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता के बेटे सोनू कुमार ने पिपरा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का दावा है कि दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरा अब भी अज्ञात है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी नाबालिग हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
वहीं पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि मामला आपसी विवाद का है और आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। हालांकि, उन्होंने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल गांव में सन्नाटा और डर का माहौल है। एक मामूली उधारी के विवाद ने जिस तरह गोलियों की गूंज ले ली, उसने कानून-व्यवस्था और युवाओं के बढ़ते बेखौफ रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














