पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पुनपुन पुल के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में लगभग आधा दर्जन लोग सवार थे और वे कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाइवा ने ऑटो में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पर सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना में घायल और मृतक सभी खुशरूपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायलों का उपचार शुरू किया। वहीं पुलिस ने हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोग तेज रफ्तार वाहनों को लेकर चिंतित हैं और पुल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।















