राजधानी पटना में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग में कार्यरत आईटी मैनेजर सुष्मिता, जो आलमगंज थाना क्षेत्र के बजरंगपुर की रहने वाली हैं, अपने काम से लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और मौका पाकर उनके गले से करीब 9 ग्राम सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। घटना के बाद आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। पीड़िता इस घटना के बाद काफी सहम गईं।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। इसके बाद पीड़िता ने कदमकुआं थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में इसी इलाके में मोबाइल छिनतई की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रही ऐसी वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















