पटना।
देश भर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज ही के दिन भारत में संविधान लागू हुआ था, जो सभी नागरिकों को कानून के दायरे में रहकर जीवन जीने की सीख देता है। लेकिन इसी पावन अवसर पर बिहार की राजधानी पटना में संविधान और कानून का खुलेआम मज़ाक उड़ता नजर आया।

गणतंत्र दिवस के जश्न के नाम पर पटना की सड़कों पर जमकर हुड़दंग देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार बिना हेलमेट, तेज रफ्तार और गलत लेन में फर्राटा भरते दिखे। न तो ट्रैफिक नियमों का पालन किया गया और न ही अपनी व दूसरों की सुरक्षा की कोई परवाह की गई।

इस हुड़दंग के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और कई जगहों पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

गौरतलब है कि पटना ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के लगभग सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और गलत लेन में वाहन चलाने वालों पर ऑटोमेटिक चालान काटा जाता है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि गणतंत्र दिवस के नाम पर हुड़दंग मचाने वाले इन सैकड़ों बाइक सवारों पर क्या कार्रवाई की जाएगी?

अब सबकी नजरें पटना पुलिस और ट्रैफिक प्रशासन की कार्यशैली पर टिकी हैं। देखना होगा कि कानून सभी के लिए समान रहता है या फिर जश्न के नाम पर नियम तोड़ने वालों को छूट दे दी जाएगी।

पटना से राहुल कुमार की रिपोर्ट
















