बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सोनबरसा प्रखंड क्षेत्र के सहोरवा मध्य विद्यालय में सहपाठियों के बीच हुई मारपीट में चौथी कक्षा की छात्रा स्मृति कुमारी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार (23 मार्च 2026) को स्कूल में पढ़ाई के दौरान स्मृति कुमारी का अपनी दो सहपाठी छात्राओं के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि स्मृति पंखा चालू करने गई थी, जिस पर दूसरी छात्राओं ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया।
परिजनों का आरोप है कि दोनों छात्राओं ने मिलकर स्मृति की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही उसके पिता जितेंद्र कुमार राय स्कूल पहुंचे और बेटी को इलाज के लिए पहले सोनबरसा, फिर सीतामढ़ी और बाद में पटना ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में गांधी सेतु के पास ही उसकी मौत हो गई।
इस मामले में परिवार ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि जब बच्चों ने मारपीट की जानकारी शिक्षकों को दी, तब भी किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक शिक्षक ने यह तक कह दिया कि “जो जीतेगा वही पिटेगा।”
घटना के समय स्कूल में शिक्षक हरे राम सिंह, अखिलेश कुमार और प्रधानाध्यापक जोगेंद्र सहनी मौजूद थे, इसके बावजूद ऐसी घटना होना स्कूल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

















