बिहार सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री सुरेंद्र मेहता रविवार को बेगूसराय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री के आगमन पर उत्साहित कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

बेगूसराय पहुंचने के बाद सुरेंद्र मेहता ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की मजबूती, योजनाओं की प्रगति और जिले में डेयरी विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले दिनों में किसानों एवं पशुपालकों को नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंत्री ने जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की, जिसमें दूध उत्पादन बढ़ाने, पशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, टीकाकरण अभियान, नए डेयरी प्लांट और आधुनिक गौशाला विकास जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने बेगूसराय में डेयरी सेक्टर के विस्तार की संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और विभागीय अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेगूसराय को डेयरी उत्पादन और पशुपालन के क्षेत्र में मॉडल जिला बनाया जाएगा।
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसके लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया और सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बेगुसराई से अजय शास्त्री की रिपोर्ट

















