बिहार के Bhagalpur जिले के Navgachhia में उस समय हड़कंप मच गया जब थाना परिसर से हथियारों के कारतूस और मैगजीन चोरी होने का मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए थाना के निजी रसोइया समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो मैगजीन और 35 कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।
ऐसे सामने आया चोरी का मामला
जानकारी के अनुसार भवानीपुर थाना में तैनात रिजर्व गार्ड दिलीप कुमार यादव 22 फरवरी को 10 दिन की छुट्टी पर घर गए थे।
7 मार्च को जब वह वापस ड्यूटी पर लौटे और अपने हथियारों की जांच की तो 9 एमएम कारबाइन सुरक्षित मिली, लेकिन उसके बैग में रखे दो मैगजीन और 35 कारतूस गायब थे। इसके बाद उन्होंने थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
CCTV से खुला राज
शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच में सामने आया कि थाना में करीब 8 वर्षों से रसोइया के रूप में काम करने वाले व्यक्ति का बेटा राजन कुमार ही इस चोरी का मास्टरमाइंड है। उसे थाना परिसर में आने-जाने की छूट थी, जिसका फायदा उठाकर उसने रिजर्व गार्ड के आर्म्स बैग से मैगजीन और कारतूस चोरी कर लिए।
कारतूस बेचकर खरीदता था नशा
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजन कुमार ने बताया कि उसने चोरी किए गए कारतूस दिवाकर यादव को बेच दिए थे।
वहीं दिवाकर यादव ने कबूल किया कि उसने उन कारतूसों को आगे गंभीर कुमार को बेच दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया।
स्मैक भी बरामद
पुलिस के अनुसार दिवाकर यादव के पास से करीब 15 ग्राम स्मैक भी बरामद की गई है। आरोप है कि चोरी की गोलियां बेचकर आरोपी नशे का सामान खरीदता था।
रिजर्व गार्ड पर भी कार्रवाई
भवानीपुर थानाध्यक्ष शुंभ कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
वहीं हथियारों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में रिजर्व गार्ड दिलीप कुमार यादव को निलंबित कर पुलिस केंद्र भेज दिया गया है।
















