Bihar में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। अब वाहन चालकों का एक ही दिन में एक ही गलती के लिए केवल एक बार ही चालान कटेगा। यदि किसी वाहन का उसी दिन चालान हो चुका है तो दोबारा चालान जारी नहीं किया जाएगा।
सिस्टम हुआ अपडेट
इस व्यवस्था को लागू करने के लिए जिला परिवहन कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस ने चालान सिस्टम को अपडेट कर दिया है।
नई मशीन और मोबाइल एप्लिकेशन तुरंत बताएगी कि संबंधित वाहन का उसी दिन पहले चालान हुआ है या नहीं। साथ ही यह भी जानकारी मिलेगी कि चालान कहां और किस कारण से काटा गया था।
क्यों लिया गया फैसला?
पिछले पांच महीनों में कई वाहन चालकों ने शिकायत की थी कि एक ही दिन में चार-पांच बार चालान कट गया।
- अलग-अलग स्थानों पर कैमरों से फोटो खींचे जाने के कारण
- मोबाइल ऐप से बार-बार चालान जारी होने की वजह से
पटना शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 50 से 60 चालान काटे जा रहे हैं। इनमें से 10 से 12 मामलों में एक ही वाहन का एक दिन में कई बार चालान हो जाता था, जिससे हजारों रुपये का जुर्माना लग जाता था।
तकनीकी गड़बड़ियों पर भी लगेगा अंकुश
ऑनलाइन चालान सिस्टम को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं—
- घर में खड़ी गाड़ियों का चालान
- कार के नंबर पर बाइक का चालान
नए अपडेट के बाद मोबाइल एप में वाहन नंबर तुरंत चिह्नित होगा। यदि कुछ घंटे पहले ही उसी नंबर पर चालान जारी हुआ है तो सिस्टम दोबारा चालान की अनुमति नहीं देगा।
वाहन चालकों को मिलेगी राहत
परिवहन विभाग का मानना है कि इस फैसले से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और अनावश्यक जुर्माने की समस्या खत्म होगी।
पटना से राहुल कुमार की रिपोर्ट



















