बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रविवार को बिहार के लखीसराय जिले पहुंचे। यहां उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
पूजा के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अशोक धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ आस्था का विषय नहीं है, बल्कि सनातन स्वाभिमान का उद्घोष है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमें हमारी सांस्कृतिक जड़ों और गौरवशाली इतिहास की याद दिलाता है।”
गिरिराज सिंह ने कहा कि सनातन परंपरा ने सदियों से देश को एक सूत्र में बांधे रखा है और आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी अपने धर्म, संस्कृति और मूल्यों को समझे और उनसे जुड़ाव बनाए रखे। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने का काम करते हैं।
इस दौरान मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद गिरिराज सिंह ने श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर संक्षिप्त चर्चा की।
अशोक धाम मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे।

















