झारखंड के बाद अब बिहार में भी साइबर अपराधियों ने अपने पैर पसार लिए हैं। राजधानी पटना में किराए के मकान से संचालित एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कदमकुआं थाना क्षेत्र के लोहानीपुर काटपुल के पास एक मकान में बैठकर T20 वर्ल्ड कप के नाम पर अवैध सट्टेबाजी का खेल चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें हरीश कुमार, छोटू कुमार, सुमित कुमार, अमरजीत कुमार, हरिओम और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह T20 वर्ल्ड कप मैचों में रन, विकेट और जीत-हार पर दांव लगवाने के नाम पर लोगों को झांसा देता था। इसके अलावा शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर भी ठगी की जा रही थी।
अधिकारियों के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क कथित तौर पर लखनऊ से संचालित किया जा रहा था।
छापेमारी में क्या मिला?
पुलिस ने मौके से चार लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, वाई-फाई राउटर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और क्रेडिट कार्ड सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
पटना पुलिस ने लखनऊ पुलिस से संपर्क कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।














