बिहार की राजधानी पटना में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन देने की प्रक्रिया अब तेजी पकड़ चुकी है। रसोई गैस (LPG) की किल्लत के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन और गेल (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के संयुक्त प्रयास से शहर के अधिक से अधिक घरों तक PNG पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।
मैनपावर बढ़ाकर तेज की गई प्रक्रिया
PNG कनेक्शन विस्तार को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने गेल को अतिरिक्त मैनपावर उपलब्ध कराया है। इन कर्मियों को एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे तकनीकी और फील्ड कार्य को बेहतर तरीके से संभाल सकें। अधिकारियों के मुताबिक, इससे कनेक्शन देने की रफ्तार दोगुनी होने की उम्मीद है।
गेल की ओर से लगभग 35 कॉन्ट्रैक्टरों के जरिए शहर में PNG कनेक्शन का काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन की निगरानी में रोजाना पांच अलग-अलग स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां प्रतिदिन 80 से 100 नए कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं।
30 हजार से अधिक घरों तक पहुंची गैस
अधिकारियों के अनुसार, पटना में अब तक करीब 30,500 घरों में PNG कनेक्शन दिया जा चुका है। बढ़ती मांग को देखते हुए इस अभियान को और तेज किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक घरों को पाइप्ड गैस सुविधा से जोड़ा जाए।
क्यों बेहतर है PNG?
विशेषज्ञों का कहना है कि PNG, LPG सिलेंडर के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक है। इसमें गैस की सप्लाई लगातार बनी रहती है, जिससे सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं रहती। साथ ही लीकेज की स्थिति में सुरक्षा तंत्र भी अधिक प्रभावी होता है।
ऐसे करें आवेदन
कंपनी अधिकारियों के अनुसार, उपभोक्ता ऑनलाइन पोर्टल के जरिए या सीधे कार्यालय जाकर PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद तकनीकी जांच और पाइपलाइन की उपलब्धता के आधार पर कनेक्शन प्रदान किया जाता है।
इसके अलावा, इच्छुक उपभोक्ता 6287032999 और 6287031999 पर कॉल कर भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
इन इलाकों में उपलब्ध है सुविधा
शहर के महुआबाग, धनौत, सिद्धेश्वर नगर, रूपसपुर, त्रिशूल विहार, लोहिया पथ, राम नगरी, एजी कॉलोनी, आकाशवाणी रोड, जगदेव पथ, IGIMS, इंद्रपुरी, राजाबाजार, एनटीपीसी फेज-1, 2 और 3, रुकनपुरा, खाजपुरा, सगुना मोड़, खगौल, गोला रोड, बेली रोड, शास्त्रीनगर, बोरिंग कैनाल रोड, पाटलिपुत्रा, किदवईपुरी और गर्दनीबाग समेत कई इलाकों में PNG पाइपलाइन पहले से उपलब्ध है और लगातार इसका विस्तार किया जा रहा है।
इस पहल से न सिर्फ लोगों को सुविधा मिल रही है, बल्कि शहर में स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिल रहा है।

















