रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 में टेक्नीशियन पदों पर बंपर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 6,565 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए जल्द ही केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी होने की उम्मीद है।
किन पदों पर होगी भर्ती
रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स को तकनीशियन पदों की रिक्तियों का आकलन कर अंतिम प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। यह भर्ती कुल 39 अलग-अलग श्रेणियों में की जाएगी।
रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट-वार रिक्तियों का विस्तृत विवरण एनेक्सर-ए में जारी किया जाएगा। खास बात यह है कि पूर्व मध्य रेलवे (ECR) जोन में कुल 186 पद प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें पटना, मुजफ्फरपुर और रांची शामिल हैं।
कैसे होगी भर्ती प्रक्रिया
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर इंडेंट मैनेजमेंट सिस्टम (OIRMS) के जरिए अपनी अंतिम मांग प्रस्तुत करें। इस पूरी प्रक्रिया का समन्वय रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), बेंगलुरु द्वारा किया जाएगा, ताकि समय पर अधिसूचना जारी की जा सके।
आरक्षण और अन्य नियम
इस भर्ती प्रक्रिया में एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के आरक्षण नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। साथ ही बैकलॉग और वर्तमान रिक्तियों को भी शामिल किया जाएगा।
रेलवे बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि समान मेडिकल मानकों, दिव्यांगजन (PwBD) श्रेणियों और शैक्षणिक योग्यता वाले पदों को एक साथ जोड़कर भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
उम्मीदवारों के लिए अहम जानकारी
नोडल RRB इन श्रेणियों की पहचान कर एकीकृत अधिसूचना जारी करेगा। नोटिफिकेशन में यह स्पष्ट किया जाएगा कि चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से विभाग और श्रेणी का आवंटन संबंधित रेलवे जोन के आधार पर किया जाएगा।
ऐसे में रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने का इंतजार करें और समय-समय पर अपडेट लेते रहें।














