मोतिहारी जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर गांवों में जहरीली शराब पीने से मौत का आंकड़ा बढ़कर 7 हो गया है। शनिवार को इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन से ज्यादा लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर तैनात हैं और इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में तुरकौलिया थाना के थानेदार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक चौकीदार को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार चौकीदार का संबंध शराब तस्करों से था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 700 लीटर जहरीली स्प्रिट जब्त की है। यह स्प्रिट ही जहरीली शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही थी। अब तक मुख्य आरोपी समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। वहीं गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।














