बिहार मौसम अपडेट: बिहार में गर्मी अब धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है, हालांकि रात के समय अभी भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3–4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते राज्य के कई जिलों में लू जैसी परिस्थितियाँ बन सकती हैं।
शनिवार को राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री अधिक है। सुबह से तेज धूप और दोपहर में गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। आने वाले दिनों में गर्मी के और तीखे तेवर दिखने की आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।














