पटना: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। करीब दो दशकों तक मुख्यमंत्री पद पर रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। उनके इस्तीफे के बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा, जिसे लेकर सुबह से ही सियासी हलचल तेज है।
इसी बीच आज डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पटना हाई कोर्ट परिसर में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्वक चल रहा था, तभी अचानक एक अप्रत्याशित घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर अचानक मधुमक्खियों का झुंड पहुंच गया और वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियां मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के आसपास मंडराने लगीं, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आई।
हालांकि, सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मुख्यमंत्री को चारों ओर से घेर लिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में नीतीश कुमार को किसी प्रकार की कोई चोट नहीं आई। लेकिन सुरक्षा में तैनात कई गार्ड मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो गए।
घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्री सचिवालय के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि आज सुबह 11 बजे सचिवालय में कैबिनेट की अहम बैठक निर्धारित है, जिसमें आगे की राजनीतिक स्थिति और नए नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।














