आरा से भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़ा एक विवाद सामने आया है, जिसमें एक उभरते गायक ने अपने ही गीतकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला गायक अनिरुद्ध यादव और गीतकार जितेंद्र यादव के बीच का बताया जा रहा है।
आरोप है कि गीतकार ने अपने लिखे हुए गाने गायक को गाने के लिए दिए और इसके बदले पैसे भी लिए। लेकिन बाद में वही गाना किसी दूसरे गायक की आवाज में रिलीज कर दिया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
गायक अनिरुद्ध यादव का कहना है कि उनके साथ धोखा हुआ है। उनका आरोप है कि जानबूझकर उनके साथ गलत किया गया, जिससे उनके करियर को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पैसे देने से जुड़े उनके पास सबूत मौजूद हैं।

आरा में आयोजित एक प्रेस वार्ता में अनिरुद्ध यादव और गायिका अनुराधा कुमारी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छोटे कलाकारों के साथ इस तरह की घटनाएं इंडस्ट्री में होती रहती हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है।
गायक ने मांग की है कि गीतकार सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा वे कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वे पुलिस और अदालत का सहारा लेंगे।
वहीं, इस मामले में गीतकार जितेंद्र यादव की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।
फिलहाल यह मामला भोजपुरी इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।















