वैशाली जिले के पातेपुर क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक महिला और उसके परिचित युवक को ग्रामीणों ने साथ पकड़े जाने के बाद मंदिर में शादी करवा दी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला और युवक के बीच पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के जरिए बातचीत हो रही थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे आपस में मिलते-जुलते भी थे। बुधवार शाम दोनों एक बगीचे में मिले थे, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें देख लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पास के मंदिर ले जाया, जहां उनकी शादी करा दी गई। मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। उसने ग्रामीणों के सामने कहा कि वह अपने पहले पति के साथ नहीं रहना चाहती और अब उसी युवक के साथ जीवन बिताना चाहती है।
वहीं, महिला के पहले पति ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उसे अपनी पत्नी के संबंध के बारे में पहले से जानकारी थी। उसने साफ किया कि अब वह पत्नी को अपने साथ नहीं रखना चाहता।
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल यह मामला सामाजिक स्तर पर बहस का विषय बना हुआ है।











