Patna Police: राजधानी पटना में पुलिस पर हमला करने के मामले में अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। गर्दनीबाग थाना इलाके में राहत और बचाव कार्य के दौरान पुलिस टीम के साथ हुई मारपीट के बाद लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 8 मई को तेज आंधी और बारिश के बीच गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के रोड नंबर-1 में अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया था। हादसे में दो लोग उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
घटना के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों का गुस्सा भड़क उठा और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए हमला कर दिया। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी भी की गई।
मामले को गंभीर मानते हुए गर्दनीबाग थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इसके बाद लगातार कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमला अचानक हुआ था या इसके पीछे किसी तरह की साजिश थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपदा के समय राहत कार्य में जुटी टीम पर हमला करना गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और भीड़ के बढ़ते आक्रोश को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारी होने की संभावना जताई जा रही है।














