Gold-Silver Rate: देश में सोने और चांदी की कीमतों में पिछले एक सप्ताह के दौरान भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती दिनों में सोने के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन सप्ताह के अंत तक बाजार में फिर हल्की तेजी लौट आई। हालांकि सोमवार 11 मई 2026 को एक बार फिर दोनों की कीमतों में नरमी देखी गई है। दिल्ली, मुंबई समेत कई बड़े शहरों में सोना और चांदी सस्ते हुए हैं।
जानकारी के अनुसार 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के भाव में आज हल्की कमी आई है। वहीं चांदी की कीमत भी पिछले दिन के मुकाबले नीचे आई है। देश में चांदी का औसत भाव करीब 2 लाख 74 हजार 900 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया, जो कल की तुलना में लगभग 100 रुपये कम है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में भी चांदी लगभग इसी स्तर पर बिक रही है। जबकि चेन्नई और हैदराबाद में चांदी का भाव करीब 2 लाख 80 हजार रुपये प्रति किलो बना हुआ है।
इसी बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi की एक अपील ने बाजार में नई चर्चा छेड़ दी है। हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने के लिए कुछ जरूरी कदम उठाने की अपील की। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने, गैर जरूरी विदेश यात्राएं टालने, खाने के तेल की खपत घटाने और एक साल तक सोना नहीं खरीदने की सलाह दी।
सरकार का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण देश पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सोने का आयात कम करने से विदेशी मुद्रा भंडार पर बोझ घटाया जा सकता है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना उपभोक्ता देशों में शामिल है। ऐसे में प्रधानमंत्री की अपील का असर सीधे बाजार की मांग पर पड़ सकता है। मांग घटने की संभावना के कारण निवेशकों और कारोबारियों के बीच सतर्कता बढ़ गई है।
व्यापारियों का कहना है कि बाजार में यह चर्चा भी तेज है कि यदि सोने की मांग में कमी नहीं आई तो सरकार भविष्य में आयात शुल्क बढ़ाने पर विचार कर सकती है। इसी आशंका के चलते कई निवेशक मुनाफावसूली कर रहे हैं और ऊंचे दाम पर खरीदारों की संख्या कम दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थीं और 10 ग्राम सोना करीब 1.5 लाख रुपये के आसपास पहुंच गया था। अब लगातार उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक बाजार की अगली दिशा पर नजर बनाए हुए हैं।
















