Samrat Choudhary की अध्यक्षता में बुधवार को हुई पहली पूर्ण मंत्रिमंडल बैठक में कुल 18 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। बैठक में विकास योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों, निवेश प्रोत्साहन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार ने उद्योग, आईटी, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई बड़े फैसले लिए हैं।
पांच जिलों में बनेंगे नए ग्रामीण SP पद
गृह विभाग के प्रस्ताव के तहत अपराध और सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले पांच जिलों — पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, मधुबनी, वैशाली और सिवान में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पांच नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे कानून-व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण और पुलिस प्रशासन की निगरानी मजबूत होगी।
लखीसराय में बनेगा सिमेन स्टेशन
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े प्रस्ताव के तहत लखीसराय जिले के चानन अंचल स्थित गोपालपुर मौजा में 79.92 एकड़ गैरमजरुआ मालिक किस्म की भूमि डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग को नि:शुल्क हस्तांतरित करने का फैसला लिया गया। यहां सिमेन स्टेशन की स्थापना की जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
किशनगंज में बनेगा CISF ट्रेनिंग सेंटर
कैबिनेट ने किशनगंज जिले के पोठिया अंचल स्थित बुधनई मौजा में 110.12 एकड़ भूमि Central Industrial Security Force (CISF) के प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए गृह मंत्रालय को नि:शुल्क स्थायी हस्तांतरण करने की मंजूरी दी। माना जा रहा है कि इससे सीमांचल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार व आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
VATMIS सॉफ्टवेयर के रखरखाव को मंजूरी
वाणिज्य-कर विभाग के तहत विभागीय सॉफ्टवेयर आधारित एप्लिकेशन VATMIS के वार्षिक रख-रखाव (AMC) के नवीनीकरण को भी मंजूरी दी गई। यह अनुबंध 23 अगस्त 2025 से 22 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा। इसके लिए Tata Consultancy Services (TCS) को 1 करोड़ 31 लाख 80 हजार 414 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
सरकार का मानना है कि इससे टैक्स प्रशासन और ऑनलाइन सेवाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
कैबिनेट बैठक के बाद सरकार की ओर से कहा गया कि ये फैसले राज्य में निवेश आकर्षित करने, नए उद्योगों को बढ़ावा देने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।














