बिहार में ट्रेनों में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। सोमवार की अहले सुबह भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में अचानक आग लगने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के वक्त ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और बड़ी संख्या में यात्री कोच के अंदर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले हल्का धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही देर में आग की लपटें पूरी बोगी में फैल गईं। इसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे।
महिलाओं और बच्चों में खासा डर देखने को मिला। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, RPF, GRP और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन आग में जनरल बोगी का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया।
शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी यात्री द्वारा ज्वलनशील सामान ले जाने की आशंका जताई जा रही है। रेलवे ने प्रभावित कोच को अलग कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे से ट्रेनों में अग्नि सुरक्षा के मजबूत इंतजाम करने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।














