पटना कमिश्नर अनिमेष पराशर ने मंगलवार को बख्तियारपुर पहुंचकर सीढ़ी घाट स्थित गंगा पाथ-वे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रानीसराय में बने मुक्तिधाम का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुक्तिधाम की खराब स्थिति देखकर कमिश्नर नाराज हो गए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने पाया कि मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए सड़क की स्थिति बेहद खराब है और वहां बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। इस पर उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मुक्तिधाम तक जाने के लिए जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सड़क के किनारे लाइट और पेयजल की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि वहां आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी गरिमा लोहिया, अंचलाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इन दिनों बिहार में विकास कार्यों की समीक्षा तेज हो गई है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर सियासी हलचल बढ़ी हुई है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक स्तर पर विकास परियोजनाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी बख्तियारपुर के दौरे पर पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई थी और काम को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया था।


















