बेगूसराय में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। ट्रेन की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चियां शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सभी सदस्य काली पूजा का मेला देखकर लौट रहे थे।
यह घटना बरौनी–कटिहार रेलखंड के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के उमेशनगर स्टेशन के समीप स्थित एक ढाला पर हुई। मृतकों की पहचान रहूआ गांव निवासी किशुन महतो के पुत्र धर्मदेव महतो (40), मदन महतो की पत्नी, उनकी 13 वर्षीय पुत्री रौशनी कुमारी तथा धर्मदेव महतो की चार वर्षीय भतीजी के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग रघुनाथपुर गांव से मेला देखकर अपने घर रहूआ लौट रहे थे, तभी ट्रेन की चपेट में आने से यह भीषण हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
















