• Home
  • Blog
  • लखीसराय में 15 दिसंबर को भूमि सुधार-संवाद सम्मेलन, आम जनता सीधे रख सकेगी राजस्व शिकायतें
Image

लखीसराय में 15 दिसंबर को भूमि सुधार-संवाद सम्मेलन, आम जनता सीधे रख सकेगी राजस्व शिकायतें

लखीसराय: जिले में भूमि सुधार और राजस्व से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर 15 दिसंबर 2025 को एक अहम कॉन्फ्रेंस-सह-कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम माननीय उप मुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार की अध्यक्षता में आयोजित होगा।

जिला प्रशासन ने इसे जन-समस्याओं के सीधे समाधान का मंच बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। कार्यक्रम दो पालियों में संपन्न होगा।

प्रथम पाली में दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक, टाउन हॉल, लखीसराय में भूमि सुधार जन-कल्याण संवाद आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आम नागरिक अपनी भूमि, दाखिल-खारिज, सीमांकन, परिमार्जन, जमाबंदी और अन्य राजस्व से जुड़ी समस्याएं सीधे रख सकेंगे।

द्वितीय पाली में अपराह्न 3:30 बजे से 5:00 बजे तक, समाहरणालय, लखीसराय स्थित सभाकक्ष में राजस्व विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पाली में सभी राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी, अंचलाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अपर समाहर्ता की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

मंत्री स्वयं प्राप्त आवेदन और परिवादियों से संवाद करेंगे। संबंधित मामलों पर अंचलाधिकारी से भी मौके पर बातचीत कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले परिवादियों के लिए चाय, पानी और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। पुलिस एवं दंडाधिकारी शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करेंगे।

अंचलों से आने वाले परिवादियों के लिए कुल 7 काउंटर लगाए जाएंगे, जहां आवेदन का पंजीकरण कर छायाप्रति उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद परिवादी टाउन हॉल में प्रवेश कर सकेंगे।

मीडिया कर्मियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। टाउन हॉल के अंदर मीडिया के बैठने हेतु अलग स्थान चिन्हित किया गया है, ताकि वे कार्यक्रम की सुचारू कवरेज कर सकें।

जिला प्रशासन का मानना है कि यह कार्यक्रम जनता और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगा और वर्षों से लंबित भूमि विवादों के समाधान की दिशा में निर्णायक पहल साबित होगा।

Releated Posts

Bihar Crime: बांका में बालू माफियाओं का तांडव, खनन विभाग की टीम पर हमला, जवान घायल

बांका। जिले के रजौन थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान…

ByByAjay Shastri Jun 11, 2026

बिहार दिवालिया होने की कगार पर? तेजस्वी यादव ने वित्तीय संकट को लेकर सरकार को घेरा

पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav ने बुधवार को राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर एनडीए…

ByByAjay Shastri Jun 10, 2026

पटना में हर तीसरी हत्या की वजह बन रहा जमीन विवाद, पांच साल में 417 लोगों की गई जान

पटना। बिहार की राजधानी पटना में जमीन विवाद अब सामाजिक तनाव का नहीं, बल्कि जानलेवा संघर्ष का बड़ा…

ByByAjay Shastri Jun 6, 2026

बेगूसराय में कल निकलेगी ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली, पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस का दिया जाएगा संदेश

बेगूसराय। पर्यावरण संरक्षण, बेहतर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेगूसराय में रविवार को…

ByByAjay Shastri Jun 6, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top