पटना।
राजधानी पटना से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां ट्रांसफर से नाराज बिहार पुलिस के एक सिपाही ने आत्मदाह का प्रयास किया। यह सनसनीखेज घटना पटना स्थित जिला परिषद कार्यालय परिसर की बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला परिषद कार्यालय में पदस्थापित बिहार पुलिस के सिपाही अमीर आलम का बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश पर 1 दिसंबर को पूर्णिया जिला बल में स्थानांतरण कर दिया गया था। इसी ट्रांसफर से नाराज होकर सिपाही अमीर आलम ने 5 हार्डिंग रोड स्थित जिला परिषद कार्यालय पहुंचकर खौफनाक कदम उठाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि सिपाही अमीर आलम अपने साथ एक थैला लेकर कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने थैले से करीब एक लीटर पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर पेट्रोल उड़ेलते हुए आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद शाखा में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी रामविनय प्रसाद और अन्य कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें आत्मदाह करने से रोक लिया।
इस दौरान सिपाही अमीर आलम ने कार्यालय परिसर में जोर-जोर से हंगामा किया और वरीय अधिकारियों को आत्महत्या के मामले में फंसाने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना 18 तारीख की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पेट्रोल की बोतल के साथ सिपाही अमीर आलम को हिरासत में लेकर थाना ले गई। इस मामले में जिला परिषद कार्यालय के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर सचिवालय थाना में सिपाही अमीर आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सचिवालय थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
राहुल कुमार की रिपोर्ट


















