बिहार के बेगूसराय से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना एफसीआई थाना क्षेत्र के बिहट स्थित इब्राहिमपुर गांव की है, जहां गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान इब्राहिमपुर गांव निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने पहले छोटू कुमार को घेर लिया और फिर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए। गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हत्या में शामिल अपराधी गांव के ही बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि छोटू कुमार अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था, इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही एफसीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर बेगूसराय में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यही है कि आखिर कब बेलगाम अपराधियों पर लगाम लगेगी और आम लोगों को खौफ से राहत मिलेगी?

















