बेगूसराय ग्रामीण (आससे)।
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को महापौर कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर पिंकी देवी ने की, जबकि नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर सहित नगर निगम के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने अभियंताओं को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अभियंता अपने-अपने आवंटित वार्डों का नियमित रूप से परिभ्रमण करें और वहां संचालित योजनागत कार्यों का सतत पर्यवेक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य प्राक्कलन के अनुरूप हों और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वार्ड स्तर पर सामने आने वाली जनसमस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महापौर पिंकी देवी ने भी अभियंताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियंता नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें और जनहित से जुड़े तात्कालिक कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नगर निगम को उपलब्ध कराएं। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में उप नगर आयुक्त ओसामा इब्न मंसूर, कार्यपालक अभियंता सहित सभी सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता मौजूद थे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें गति दी जाएगी, ताकि शहर के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट














