बेगूसराय ग्रामीण (आससे)।
साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पचवीर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शादी की पहली सालगिरह मनाने के महज नौ दिन बाद 21 वर्षीय पूजा कुमारी का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका की पहचान पचवीर गांव वार्ड नंबर-2 निवासी आदित्य कुमार ठाकुर उर्फ सोनू ठाकुर की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में की गई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार पूजा की शादी 3 दिसंबर 2024 को धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। इसी महीने 3 दिसंबर 2025 को उसने अपनी शादी की पहली सालगिरह भी मनाई थी।
गुरुवार दोपहर स्थानीय लोगों ने साहेबपुर कमाल थाना पुलिस को सूचना दी कि पूजा कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिंटू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब घर के अंदर प्रवेश किया तो पूजा का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने तत्काल मृतका के पति आदित्य ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष के निर्देश पर बलिया डीएसपी साक्षी कुमारी भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की। साक्ष्यों के वैज्ञानिक परीक्षण के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रही है।
उधर, मृतका के दिल्ली में रह रहे माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों को घटना की सूचना दी गई है। परिवार के कुछ सदस्य गांव पहुंच चुके हैं और उन्होंने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पूजा की मौत सामान्य नहीं है और इसके पीछे साजिश हो सकती है।
थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोग सच्चाई सामने आने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।














