दरभंगा।
बिहार के दरभंगा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवती द्वारा हिंदू युवक से शादी करने के बाद असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि करीब 50 की संख्या में पहुंचे लोगों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की, लूटपाट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार सहमा हुआ है, वहीं इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

यह मामला दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्सो गांव का है। पीड़ित परिवार के अनुसार, बीते 14 जनवरी को मुस्लिम युवती और हिंदू युवक की शादी के बाद देर रात असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दो मोबाइल फोन और नकदी भी लूट ली।
पीड़ित परिवार ने बताया कि युवक बीए का छात्र है और पढ़ाई के सिलसिले में वह करीब 20 किलोमीटर दूर बहेड़ी जाया करता था, जहां उसकी मुलाकात एक अन्य समुदाय की युवती से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो सोशल मीडिया के जरिए प्रेम संबंध में बदल गई। करीब छह महीने पहले दोनों ने साथ रहने का फैसला किया।
पीड़ित परिजनों के अनुसार, 14 जनवरी को युवती स्वयं युवक के घर आई थी। इस संबंध में गांव के मुखिया सहित अन्य लोगों को जानकारी दी गई और युवती के परिजनों से भी बातचीत हुई। युवती की मां ने कथित तौर पर कहा था कि घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं है और उन्हें अपनी बेटी के फैसले से कोई आपत्ति नहीं है।
परिजनों का आरोप है कि उसी रात दूसरे मोहल्ले के कुछ असामाजिक तत्वों ने घर को घेर लिया और युवक-युवती को बाहर निकालने की मांग करने लगे। देखते ही देखते भीड़ ने घर में घुसकर महिलाओं समेत पूरे परिवार के साथ मारपीट की और गंभीर धमकियां दीं। पीड़ितों का कहना है कि हमलावर कह रहे थे—
“तुम लोग मुस्लिम लड़की को घर में रखोगे? तुम्हारे घर की महिलाएं बाहर निकलेंगी तो उनके साथ अब निकाह किया जाएगा।”
इन धमकियों के बाद से पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है। पीड़ित परिवार ने बताया कि गांव में करीब 300 मुस्लिम परिवार हैं, जबकि हिंदू सिर्फ दो परिवार। गांव के मुस्लिम परिवारों को इस शादी से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि दूसरे मोहल्ले के बाहरी लोगों ने ही हमला किया।
घटना के बाद पुलिस ने तीन दिन तक गांव में कैंप किया, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे नाराज हिंदू समुदाय के लोगों ने पुलिस पर पैसे के बल पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
इस बीच युवक-युवती ने 16 जनवरी को कोर्ट मैरिज कर ली और फिलहाल दोनों पुलिस सुरक्षा में किसी अज्ञात स्थान पर रह रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर पीड़ित परिवार से मिलने कुर्सो गांव पहुंचीं। उन्होंने सकतपुर थानाध्यक्ष से फोन पर बात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को अपना मोबाइल नंबर देते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी समय जरूरत पड़ने पर वे स्वयं मदद के लिए पहुंचेंगी।
विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा— “इस परिवार की पूरी जिम्मेदारी मैं लेती हूं।”













