पटना। इस बार होली के अवसर पर राजधानी पटना में हुड़दंग रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पूरे जिले में शराब और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
जुलूस और सभा के लिए लाइसेंस अनिवार्य
होली के मौके पर किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस या सार्वजनिक आयोजन के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना लाइसेंस किसी भी कार्यक्रम के आयोजन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस जारी करने से पहले संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रस्तावित रूट का निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मार्ग साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील न हो।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
आईजी ने निर्देश दिया है कि सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। इन इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
सभी थाना क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। थानाध्यक्ष स्वयं संवेदनशील स्थलों की निगरानी करेंगे और लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। किसी भी सूचना पर पुलिस को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपराधियों पर विशेष नजर
जेल से छूटे कुख्यात अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया गया है। फरार आरोपितों के खिलाफ इश्तेहार और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज की जाएगी। लंबित वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
संवेदनशील स्थलों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और धारा 135 के तहत बंधपत्र की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज
त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में बने चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में भी वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
शराब तस्करी के मामलों में पहले जेल जा चुके आरोपितों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक गश्त बढ़ाई जाएगी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।






















