बेगूसराय में पुलिस ने एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद को सब-इंस्पेक्टर बताकर लोगों पर धौंस जमाती थी और उनसे मोटी रकम वसूलती थी। गिरफ्तार महिला की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संत नगर एघ निवासी कजोमा कुमारी के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, कजोमा कुमारी लंबे समय से “निशु कुमारी” नाम से खुद को सब-इंस्पेक्टर बताती थी। उसने अपने नाम की नेम प्लेट, पुलिस वर्दी और पुलिस से जुड़े तमाम साजो-सामान तैयार कर रखे थे। इसी फर्जी पहचान के सहारे वह इलाके में रौब जमाती थी और कई लोगों से पैसों की वसूली कर चुकी थी।
स्थानीय लोगों को जब उसकी गतिविधियों पर शक हुआ तो इसकी सूचना मुफस्सिल थाने की पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर महिला को वर्दी और अन्य सामान के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम की जांच में जुटी है।
इस मामले में सदर डीएसपी आनंद पांडे ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई और गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
महिला की गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या फर्जी अधिकारी की जानकारी तुरंत थाना को दें।

















