• Home
  • Crime
  • बिहार के सारण में जहरीली शराब की आशंका: 24 घंटे में 2 मौतें, 5 लोगों की आंखों की रोशनी जाने की खबर
Image

बिहार के सारण में जहरीली शराब की आशंका: 24 घंटे में 2 मौतें, 5 लोगों की आंखों की रोशनी जाने की खबर

शराबबंदी वाले बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब कांड की आशंका से हड़कंप मच गया है। कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की आंखों की रोशनी चले जाने की सूचना सामने आई है। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दरअसल पूरा मामला सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे के भीतर दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोगों की तबीयत खराब बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इनकी तबीयत जहरीली शराब पीने से बिगड़ी है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

धेनुकी गांव में पहली मौत

जानकारी के मुताबिक धेनुकी गांव में बुधवार रात करीब 50 वर्षीय सुकन नट की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए पानापुर बाजार स्थित एक निजी डॉक्टर के पास ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह परिजनों ने उनका गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार भी कर दिया। इसके बाद गांव में जहरीली शराब से मौत की चर्चा फैलने लगी।

सूचना मिलने पर पानापुर थानाध्यक्ष राजा कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। हालांकि परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुकन नट की मौत हार्ट अटैक से हुई है।

दूसरी मौत से बढ़ी आशंका

इसी बीच गुरुवार सुबह दुबौली गांव निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र राय की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए पटना लेकर पहुंचे, लेकिन दोपहर तक उनकी भी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर पानापुर थाना पहुंचे और पोस्टमार्टम की मांग को लेकर हंगामा किया।

परिजनों का आरोप है कि धर्मेंद्र राय की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है।

5–6 लोगों की आंखों की रोशनी जाने की सूचना

स्थानीय सूत्रों के अनुसार पानापुर थाना क्षेत्र के दुबौली, धेनुकी और खजौली गांव में कुछ लोग बीमार बताए जा रहे हैं। इनमें से 5–6 लोगों की आंखों की रोशनी जाने की भी सूचना मिल रही है। परिजन उन्हें अलग-अलग स्थानों पर चोरी-छिपे इलाज के लिए ले जा रहे हैं। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

पहले भी हो चुकी हैं बड़ी घटनाएं

गौरतलब है कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है, जिसके तहत शराब के उत्पादन, बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह थम नहीं पाया है।

सारण जिला पहले भी जहरीली शराब की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। दिसंबर 2022 में मशरक, इसुआपुर और अमनौर थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। वहीं अक्टूबर 2024 में सारण, सिवान और गोपालगंज में जहरीली शराब पीने से तीन दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई थी।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Releated Posts

Begusarai Raid: अधनिर्मित मकान से 830 लीटर अंग्रेजी शराब, केमिकल का जखीरा बरामद—पुलिस ने तोड़ा अवैध कारोबार का बड़ा नेटवर्क

बेगूसराय में मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के…

ByByAjay Shastri Apr 27, 2026

Bihar Crime: बड़हिया में दिनदहाड़े फायरिंग, ‘टीटू धमाका’ गैंग पर आरोप—पुलिस को भी दी चुनौती

लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल…

ByByAjay Shastri Apr 25, 2026

Bihar Crime: पटना सिटी में फिर खून, भोज के विवाद में युवक की चाकू से हत्या—अपराध पर नियंत्रण पर उठे सवाल

पटना सिटी में एक और हत्या ने कानून-व्यवस्था की हकीकत को फिर सामने ला दिया है। खुसरूपुर थाना…

ByByAjay Shastri Apr 25, 2026

खाकी हुई बेनकाब! किडनैपिंग-फिरौती के खेल में 2 ASI समेत 4 गिरफ्तार, घर से मिली रकम

जमुई-नवादा बेल्ट से सामने आया एक मामला सिर्फ आपराधिक घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था पर करारा सवाल है। जिस…

ByByAjay Shastri Apr 25, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top