शिवहर: बिहार के Sheohar जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए बदले की आग में अंधी हुई एक महिला ने दो साल के मासूम को ही अपना निशाना बना लिया। आरोप है कि रिश्ते में चाची लगने वाली महिला ने बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को बोरे में बंद कर घर में ही छिपाकर रख दिया। इस खौफनाक घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह दिल दहला देने वाली घटना Tajpur गांव की है। मृतक बच्चे की पहचान सुजीत कुमार (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ताजपुर निवासी अरुण शाह का पुत्र था। बताया जा रहा है कि 13 मार्च की सुबह करीब 10 बजे से ही मासूम सुजीत अचानक लापता हो गया था।
परिजनों ने पहले गांव और आसपास के इलाकों में बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घबराए परिजनों ने पूरे मामले की सूचना Sheohar Police को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी गई।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अरुण शाह के चचेरे भाई चंद किशोर शाह के घर में कुछ संदिग्ध सुराग मिल सकते हैं। पुलिस टीम ने तुरंत उस घर में दबिश दी और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक बोरा मिला। जब बोरा खोला गया तो उसमें दो साल के मासूम सुजीत का शव मिला। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही Shubhank Mishra, नगर थाना अध्यक्ष Randhir Kumar Singh समेत कई थानों की पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि चंद किशोर शाह की पत्नी पार्वती देवी ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर सुजीत की मां चिंता देवी और आरोपी महिला के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी महिला ने मासूम की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चे का गला दबाकर हत्या की गई। गले पर खरोंच के निशान और शव का नीला पड़ना इसी ओर इशारा कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है। गांव में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।























