राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने ब्रज प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन स्थित प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम में महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
आश्रम पहुंचने पर संत के शिष्यों और परिकरों ने राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद द्रौपदी मुर्मू और प्रेमानंद महाराज के बीच एकांत में बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान अध्यात्म, निस्वार्थ सेवा और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति ने महाराज के सरल जीवन, आध्यात्मिक विचारों और समाज सेवा की भावना की सराहना की।
इससे पहले गुरुवार को राष्ट्रपति ने इस्कॉन मंदिर वृंदावन में दर्शन किए। भारी बारिश के बावजूद उन्होंने पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में इस दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा गया।
राष्ट्रपति का यह दौरा पूरी तरह आध्यात्मिकता और शांति के संदेश से ओतप्रोत रहा। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद उनकी आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। ब्रज के संतों और श्रद्धालुओं ने उनके इस आध्यात्मिक समर्पण की सराहना की।
इस दौरे को न सिर्फ धार्मिक आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है, बल्कि इसे समाज में सकारात्मक संदेश और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने की पहल के तौर पर भी माना जा रहा है।














