दानापुर के तकियापर इलाके में गुरुवार देर शाम एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान तकियापर निचली गली कश्यप टोली निवासी बिट्टू उर्फ पालकियां के रूप में हुई है। वह विनय कुमार सिंह का पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बिट्टू दिल्ली में ट्रक चलाने का काम करता था और अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले ही घर आया था। गुरुवार शाम वह किसी काम से तकियापर गया था, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने उसे संभलने का मौका दिए बिना बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
गंभीर रूप से घायल बिट्टू को तुरंत पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने तकियापर के पास सड़क जाम कर दिया और आगजनी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही एफएसएल टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। घटनास्थल से ईंट और लोहे की रॉड बरामद की गई है, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कुछ युवकों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश जारी है।
पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। फिलहाल इस हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।

















