बेगूसराय। जिले में एक युवक की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके पति को बहाने से बुलाकर मार दिया गया। महिला ने न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने बताया कि “उन्हें बुलाकर ले गया और मार दिया। हमारे तीन बेटियां और एक बेटा है, अब इन बच्चों को कौन पालेगा?” महिला ने कहा कि जिस व्यक्ति ने उसके पति को बुलाया, उसका नाम मनीष बताया जा रहा है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महिला के मुताबिक, घटना से पहले वह अपने पति को फोन कर रही थी, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में दूसरे मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की गई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसके बाद उन्हें पति की हत्या की सूचना मिली।
परिजनों का आरोप है कि यह पूरी घटना साजिश के तहत की गई है। महिला ने कहा कि “हमें इंसाफ चाहिए, जिन्होंने यह किया है उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए।”
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट


















