बिहार के सासाराम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेड लाइट एरिया में छापेमारी की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमरी टोला में हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को लंबे समय से यहां अवैध देह व्यापार चलने की शिकायत मिल रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस रेड में पुलिस ने कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 4 युवतियां भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
हालांकि, कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी मच गई और कई संदिग्ध मौके से फरार होने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व सासाराम के एसडीपीओ-2 कुमार वैभव ने किया। उन्होंने बताया कि इलाके में लंबे समय से इस अवैध धंधे की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद योजना बनाकर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ युवतियां बाहर से लाई गई थीं, जिससे मानव तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
छापेमारी के दौरान इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
















