बिहार में अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। दरभंगा जिले के नगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित प्रेम ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा कर लिया गया है। इस मामले में शामिल छह अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता
दिनांक 04 अप्रैल 2026 को बिहार एसटीएफ, बेगूसराय पुलिस और दरभंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
- पवन झा (मधुबनी)
- आर्यन कुमार (बेगूसराय)
- अविनाश कुमार (बेगूसराय)
- मंगल कुमार (बेगूसराय)
- गौतम कुमार (बेगूसराय)
- विक्की कुमार (बेगूसराय)
मुठभेड़ के दौरान चली गोलियां
पुलिस को सूचना मिली थी कि सभी आरोपी मंसूरचक के दशरथपुर गांव में एकत्रित हैं। सूचना के आधार पर इलाके की घेराबंदी की गई।
खुद को घिरता देख अपराधी पास के मकई के खेत में छिप गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी मंगल कुमार घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बरामदगी में क्या-क्या मिला
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और लूट का सामान बरामद किया:
- देसी पिस्तौल – 1
- देसी कट्टा – 1
- जिंदा कारतूस – 9
- मोबाइल फोन – 4
- बाइक – 3
- चांदी के आभूषण – 1.624 किलोग्राम

3 अप्रैल की ज्वेलरी लूट में थे शामिल
गौरतलब है कि 03 अप्रैल 2026 को दरभंगा के बड़ी बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हथियार के बल पर सोना-चांदी के आभूषणों की लूट हुई थी। इस सनसनीखेज वारदात में यही सभी अपराधी शामिल थे।
बैंक लूट में भी शामिल था गैंग
जांच में यह भी सामने आया कि यही गिरोह 24 मार्च 2026 को बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक्सिस बैंक में करीब ₹2 लाख की लूट में भी शामिल था।
आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में मंसूरचक थाना कांड संख्या 53/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
दरभंगा ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा बिहार पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस कार्रवाई से न केवल एक बड़े गैंग का पर्दाफाश हुआ है, बल्कि हाल के बैंक लूटकांड से भी इसका कनेक्शन सामने आया है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट


















