बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पैसे मांगना एक युवक के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि उसे साजिश के तहत चोर करार देकर न सिर्फ सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया, बल्कि बेरहमी से पीटा भी गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है।
मामला सेमापुर थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर पंचायत का है। पीड़ित की पहचान दिलीप चौधरी के रूप में हुई है। दिलीप का आरोप है कि उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति को पलंग बनाने के लिए 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। तय समय पर काम पूरा नहीं होने पर जब वे अपना पैसा वापस मांगने पहुंचे, तो विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया।
आरोप के मुताबिक, पैसे लौटाने के बजाय कुछ लोगों ने एक पुरानी मोबाइल से जुड़े मामूली विवाद को आधार बनाकर दिलीप को रास्ते में घेर लिया। इसके बाद उन्हें जबरन पकड़कर हाथ-पैर बांध दिए गए और घंटों तक गांव और बाजार में घुमाया गया। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरी घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई, जिससे यह मामला साधारण विवाद से ज्यादा साजिश का प्रतीत होता है। वायरल वीडियो में भी पीड़ित को भीड़ के बीच अपमानित करते हुए देखा जा सकता है, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दिलीप चौधरी को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। फिलहाल पीड़ित को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उसका बयान दर्ज किया गया है।
सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित साजिश का लग रहा है। पीड़ित के बयान के आधार पर 7 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, हालांकि अभी तक वे फरार बताए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है। वहीं, वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















