पटना। बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों में वहां के स्थानीय खान-पान का जिक्र करना कोई असामान्य बात नहीं है।
दरअसल, तेजस्वी यादव पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि “बिहार में चुनाव होता है तो सत्तू खाते हैं और बंगाल में चुनाव हो रहा है तो झालमुरी खा रहे हैं।” इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय चौधरी ने कटाक्ष किया।
“डोसा भी खा लेते, इसमें क्या दिक्कत”
डिप्टी सीएम ने कहा,
“इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। अगर तमिलनाडु जाते तो डोसा भी खा लेते। हर राज्य की अपनी संस्कृति और खान-पान होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें तेजस्वी यादव से अपने बयान में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं थी। साथ ही यह भी जोड़ा कि बिहार को लेकर जिस तरह की बातें दूसरे राज्यों में कही जा रही हैं, उस पर लोगों को खुद विचार करना चाहिए।
मंत्रिमंडल विस्तार पर क्या बोले डिप्टी सीएम
वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय चौधरी ने संकेत दिया कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है और जल्द ही विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पर अंतिम फैसला शीघ्र सामने आएगा।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। हालांकि आधिकारिक तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है।
सियासी बयानबाजी तेज
बिहार से लेकर बंगाल तक चल रहे राजनीतिक माहौल में नेताओं के बीच बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। खान-पान जैसे मुद्दे भी अब सियासी तकरार का हिस्सा बनते दिख रहे हैं।


















