बिहार के नवादा जिले के महवतपुर गांव में आयोजित 11 कुंडलीय श्री सीताराम महायज्ञ और राम कथा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खुद को एक साधारण श्रद्धालु बताते हुए कहा कि वे यहां किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के चरणों में बिहार के विकास की कामना लेकर पहुंचे हैं।
मंच से संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए वे भगवान श्रीराम से शक्ति और मार्गदर्शन मांगते हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की जानकारी उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार मुन्ना के माध्यम से मिली, जिसके बाद वे यहां आने के लिए प्रेरित हुए।
उन्होंने अपने संबोधन में बुजुर्गों, माताओं, बहनों और युवाओं के आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। चिराग ने कहा कि जनता के प्यार और समर्थन की बदौलत ही वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
राम कथा के महत्व पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह जीवन के हर पहलू में मार्गदर्शन देती है और ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। साथ ही उन्होंने सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
चिराग पासवान ने कहा कि वे एक बिहारी के तौर पर राज्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले दिन बिहार के लिए और बेहतर हों, यही उनकी प्रार्थना है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने “जय हिंद, जय बिहार” का नारा लगाते हुए लोगों का आभार जताया। इस मौके पर पार्टी के कई नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

















