बिहार के मोतिहारी जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सदर प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भरहुलिया लक्ष्मीपुर में नामांकन के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बच्चों के नामांकन के लिए अभिभावकों से 500 रुपये की मांग कर रही हैं। वीडियो में एक अभिभावक से पैसे लेकर उसे पर्स में रखते हुए भी देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी स्कूलों में नामांकन और ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) के नाम पर लंबे समय से अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाती है।
वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोग जिला शिक्षा पदाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस घटना ने सरकारी स्कूलों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे “शिक्षा के मंदिर में भ्रष्टाचार” बता रहे हैं।















